बदायूॅं जनमत। उसहैत थाना क्षेत्र के खजुरा नगला पुख्ता गांव के समीप रविवार को गंगा नदी में डूबे दो सगे भाइयों की तलाश तीसरे दिन मंगलवार को जारी रही, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका। एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है। टीमें करीब पंद्रह किलोमीटर के दायरे में दोनों बच्चों को तलाश कर रही है।
बता दें कि रविवार दोपहर गंगा नदी में नहाते समय पांच बच्चे पिंटू, केशव, अखिलेश, सिंकू और विकास गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सिंकू और विकास को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन बच्चे तेज धारा में बह गए।
घटना के बाद प्रशासन की ओर से चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सोमवार को अखिलेश का शव बरामद कर लिया गया था। वहीं पिंटू और केशव अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए नदी में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। टीमें घटनास्थल से करीब 15 किलोमीटर के दायरे में गहन तलाशी अभियान चला रही हैं। सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी है।


