बदायूं में ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़ी दूल्हे की कार; मां-बेटी की मौत, नौ घायल, ट्राली में सवार थे 35 लोग

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बदायूं-बिजनौर स्टेट हाईवे पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में मां और उसकी छह माह की बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना में नौ लोग घायल हो गए, जिन्हें रुदायन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। यह हादसा एक कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत के बाद हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग उझानी के बसौमा गांव से इस्लामनगर के समदपुर गांव एक शादी समारोह में भात लेकर जा रहे थे। हादसे के बाद कई थाने की पुलिस, पीआरबी व कई एम्बुलेंसों से मरीजों को रूदायन अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन भी बाधित रहा।
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात करीब नौ बजे उघैती कस्बे में स्थित एसडी फार्म हाउस के सामने इस्लामनगर की ओर से आ रही एक एसयूवी कार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में महिलाओं, बच्चों समेत करीब 35 लोग सवार थे, जो पलटने के बाद उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद सड़क पर कोहराम मच गया और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। घटनास्थल पर मौजूद दूसरे ट्रैक्टर में सवार लोगों और आसपास के दर्जनों ग्रामीणों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। पुलिस और एक बरातघर के कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद पलटी हुई ट्रॉली को सीधा किया। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रुदायन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने बसौमा निवासी सुमन पत्नी हरदीप और उसकी छह माह की बेटी बेबी को मृत घोषित कर दिया। अन्य सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद कार सवार लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

भांजी की शादी में शामिल होने जा रहे थे ट्राली सवार…

ट्रैक्टर-ट्रॉली उझानी कोतवाली के गांव बसौमा गांव के प्रेमवीर अपनी भांजी प्रीति के विवाह में शामिल होने के लिए इस्लामनगर के गांव समदपुर में रितिक के घर जा रही थे। यह लोग शादी समारोह के लिए भात लेकर जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार सभी लोग उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

यह लोग हुए हैं घायल…

शिवानी पुत्री रिंकू उम्र 14 वर्ष , माही पुत्री सोमवीर उम्र 10 वर्ष, ज्योति पुत्री सुरेश उम्र 15 वर्ष , सुनीता पत्नी जितेंद्र उम्र 40 वर्ष , उमानदेही पत्नी सोदान उम्र 32 वर्ष , खुशबू पत्नी शिवराज उम्र 26 वर्ष , जय देवी पत्नी कृष्ण मुरारी उम्र 60 वर्ष, वीर पत्नी कन्हैयालाल उम्र 45 वर्ष व वर्षा पुत्री ब्रह्म प्रकाश उम्र 16 वर्ष शामिल है। यह सभी सीएचसी रूदायन में भर्ती कराए गए है।हादसा करने वाली कार में सवार था दूल्हा…

जिस कार से हादसा हुआ है उसमें दूल्हा व उसके परिवारजन सवार थे। हादसे के बाद कार सवार लोग मौके का फायदा उठाकर भाग गए। गनीमत रही की कार के एयरबैग खुल गए जिससे किसी को चोट नहीं पहुंची। अब कार नंबर के आधार पर पुलिस उनका पता लगाएगी।
कार व ट्रैक्ट्रर-ट्राली की टक्कर में एक महिला व एक बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया है। पुलिस इस हादसे के कारण का जांच कर उचित कार्रवाई करेगी। – केके तिवारी, सीओ बिल्सी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *