बदायूं में बेकाबू ट्रैक्टर मकान से टकराया, मलबे में दबकर इंटर के छात्र की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक बेकाबू ट्रैक्टर मकान से टकरा गया, जिसके बाद मकान का लिंटर भर-भराकर गिर गया। युवक की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र के कस्बा नूरपुर पिनौनी की है। मृतक इंटरमीडिएट का छात्र था। इंटरमीडिएट का परिणाम आने से पहले छात्र की दुखद मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार, उघैती थाना क्षेत्र के कोठा गांव निवासी इंद्रपाल प्रजापति अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लेकर बेचने आए थे। उनके साथ गांव का 20 वर्षीय सचिन गुप्ता पुत्र सुभाष गुप्ता भी था। इंद्रपाल ने ट्रैक्टर को धर्मकांटे पर तौल के लिए लाइन में लगाया और खुद धर्मकांटे वाले के पास चले गए। इसी दौरान सचिन ने अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया और उसे आगे बढ़ाया। ट्रैक्टर बेकाबू होकर पास के एक मकान के पिलर से जा टकराया। पिलर टूटते ही मकान का लिंटर सचिन पर गिर गया, जिससे वह मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि सचिन का इंटरमीडिएट का रिजल्ट आज आने वाला था। वहीं एसएचओ उदयवीर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और इत्तेफाकिया हादसे का मामला दर्ज किया जाएगा।

मृतक का फाइल फोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *