गंगा एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा का खाका तैयार; हर 10 किमी पर लगेगी सुरक्षा टीम

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। गंगा एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर 10 किलोमीटर पर पुलिस टीम तैनात रहेगी। इसके लिए कुल नौ पुलिस वाहन निगरानी करेंगे। इनमें छह यूपी 112 पीआरवी और तीन यूपीडा द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहन शामिल हैं।
पुलिस को हाल ही में छह नई पीआरवी गाड़ियां मिली हैं, जिन्हें जल्द ही एक्सप्रेस-वे सुरक्षा में लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, निर्माणदायी संस्था यूपीडा ने भी बदायूं पुलिस को तीन वाहन दिए हैं। इन वाहनों की मदद से एक्सप्रेस-वे पर लगातार पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी। मेरठ से प्रयागराज तक फैले गंगा एक्सप्रेस-वे का लगभग 91 किलोमीटर का हिस्सा बदायूं जिले से होकर गुजरता है। जिले की दातागंज, बिसौली और बिल्सी सहित चार तहसीलें इस एक्सप्रेस-वे से जुड़ी हुई हैं। यहां एक्सप्रेस-वे पर प्रवेश और निकास के लिए तीन प्वाइंट भी बनाए गए हैं।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को जल्द ही दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग की कमी है, जिसे पूरा करने के लिए पत्राचार किया जा रहा है ताकि किसी भी दुर्घटना को रोका जा सके। शासन स्तर से यहां एक ट्रॉमा सेंटर मिलने की भी उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *