बदायूॅं जनमत। एक बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्रैफिक पुलिस एक बोलेरो का पीछा कर रही थी, जिसके कारण वह अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया।
घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के बदायूं-फर्रुखाबाद रोड पर विद्युत वितरण खंड कार्यालय के पास हुई। तेज रफ्तार बोलेरो कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान लखनपुर गांव निवासी 30 वर्षीय रोहित पुत्र कल्याण सिंह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र राठौर ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस का एक टीएसआई बोलेरो कार का पीछा कर रहा था, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े रोहित से टकरा गई।
परिजनों के अनुसार, रोहित एक कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था और अपने दो भाइयों में छोटा था। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

