बदायूॅं जनमत। मक्के की फसल की सिंचाई के बाद ट्यूबवेल बंद करने गए एक किसान की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। घटना सहसवान कोतवाली क्षेत्र के अलीपुर टप्पा हवेली गांव में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक किसान की पहचान 55 वर्षीय राम सिंह पुत्र मुकुंदी के रूप में हुई है। राम सिंह अपने खेत पर मक्के की फसल की सिंचाई करने गए थे। सिंचाई पूरी होने के बाद जब वह ट्यूबवेल बंद करने पहुंचे, तभी अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। राम सिंह की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई पूरी की।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवार के सदस्यों ने बताया कि राम सिंह खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

