बदायूॅं जनमत। एक झोलाछाप के इलाज के बाद एक किसान की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना कादरचौक थाना क्षेत्र के भकोड़ा गांव की है। शुक्रवार को 48 वर्षीय पुरुषोत्तम पुत्र मेघ सहाय को बुखार आया था, जिसके इलाज के लिए वह गांव में ही एक झोलाछाप डॉक्टर के पास गए थे। झोलाछाप डॉक्टर ने पुरुषोत्तम को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टर ने कहा कि उन्हें रिएक्शन हो गया है और दूसरा इंजेक्शन लगाने की बात कही। दूसरा इंजेक्शन लगाने के बाद पुरुषोत्तम की हालत और गंभीर हो गई। परिजन उन्हें तुरंत एक निजी वाहन से बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने भर्ती करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुरुषोत्तम को मृत घोषित कर दिया।
पुरुषोत्तम के परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने और लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत हुई है और परिवार ने झोलाछाप डॉक्टर पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

