बदायूॅं जनमत। जिले में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। घर में खड़ी कार का गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल कट गया। वाहन स्वामी का आरोप है कि उसकी कार घर में ही खड़ी थी, इसके बावजूद 370 रुपये का टोल टैक्स काट दिया गया। पीड़ित ने इस संबंध में एसडीएम समेत कई संबंधित अफसरों को शिकायतीपत्र भेजा है।
दातागंज थाना क्षेत्र के गांव डहरपुर निवासी नवल किशोर की दातागंज में चश्मे की दुकान है। उन्होंने बताया कि उनके पास गंगा एक्सप्रेसवे के टोल का 370 रुपये कटने का मोबाइल पर मेसेज आया। उनका कहना था कि उनकी कार लंबे समय से घर पर ही खड़ी है। वह गंगा एक्सप्रेसवे पर अपनी कार लेकर अभी तक गए भी नही हैं। बावजूद इसके एक्सप्रेसवे का टोल उनकी गाड़ी नंबर पर कट गया।
उन्होंने कहा है कि यह कोई तकनीकी गड़बड़ी है, लेकिन इससे उन्हें भारी परेशानी हुई है। टोल शनिवार की रात में 1:21 बजे का दिखाया गया है। उन्होंने एसडीएम दातागंज को इस संबंध में शिकायत भेजी है। इसके अलावा थाने में भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत यूपीडा को भेज दी गई है, लेकिन अभी तक उनकी शिकायत को लेकर कोई संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है।

