सहसवान के सरसोता कुंड में मिला युवक का शव; हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के सरसोता कुंड में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू किए। मृतक की पहचान इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव कोठा निवासी जितेंद्र (23 वर्ष) पुत्र लीलाधर के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने सरसोता कुंड में एक युवक का शव उतराता देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सहसवान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच पड़ताल शुरू की। काफी प्रयासों के बाद युवक की पहचान गांव कोठा निवासी जितेंद्र के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

ससुराल जाने की कहकर घर से निकला था युवक…

परिजनों ने बताया कि जितेंद्र मंगलवार शाम अपने घर से जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव जल्लूपुर स्थित अपनी ससुराल जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक उसके वापस न आने पर परिजनों को चिंता हुई, लेकिन बुधवार सुबह उसके शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही युवक की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *