समाजवादी पार्टी की PDA पंचायत में भिड़े दो नेताओं के समर्थक; नारे लगाने को लेकर हुई गुटबाजी

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले की दातागंज विधानसभा क्षेत्र के कस्बा उसहैत में रविवार को सपा की पीडीए पंचायत का आयोजन हुआ। जिसमें नारे लगाने को लेकर गुटबाजी हो गई और दो नेताओं के समर्थक आपस में भिड़ गए। करीब घंटे भर चली बहस के बाद कार्रवाई आगे बड़ सकी।
समाजवादी पार्टी प्रत्येक सेक्टर में पीडीए पंचायत का आयोजन कर रही है। जिसके तहत कस्बा उसहैत में भी रविवार को पीडीए पंचायत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर दातागंज विधानसभा प्रभारी जितेंद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष सतीश यादव, पूर्व विधायक के पुत्र अवनीश यादव और सुनीता पाल के अलावा स्थानीय नेता मौजूद थे। यहां बता दें कि दातागंज विधानसभा से सुनीता पाल और अवनीश यादव दोनों टिकिट के दावेदार हैं। अभी कार्यक्रम शुरू हुआ था कि अवनीश यादव के समर्थक उनके समर्थन में नारेबाजी करने लगे। यह बात सुनीता पाल के समर्थकों को नागवार गुजरी और वह भी अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। हालात बिगड़ते देख विधानसभा अध्यक्ष सतीश यादव ने स्थिति को संभाला और किसी भी नेता के नारे न लगाने को कहा गया, उन्होंने कहा कि सिर्फ पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष के नारे लगाए जा सकते हैं। यह बात समर्थकों को पसंद नहीं आई इसे लेकर करीब एक घंटा तक बहसबाजी चली, बाद में लोगों के समझाने के बाद माहौल शांत हुआ और आगे की कार्रवाई की गई।

नगर अध्यक्ष बोले- मामूली कहासुनी हुई

इस संबंध में समाजवादी पार्टी के उसहैत नगर अध्यक्ष सैयद असगर अली से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पीडीए पंचायत में झगड़े वाली कोई बात नहीं हुई। नारों को लेकर मामूली कहासुनी हो गई, जिसको लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने स्थिति स्पष्ट कर दी थी।   

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *