बदायूॅं जनमत। भारतीय थल सेना में अग्नि वीर पद के लिए हुई प्रतियोगी परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा में आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय के एक दर्जन एनसीसी कैडेट्स ने सफलता प्राप्त कर चयनित हुए हैं। भारतीय सेना में चयनित सभी कैडेट्स का आज महाविद्यालय में माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
एनसीसी की प्रभारी एवं प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ श्रद्धा गुप्ता एवं डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने सेना में चयनित सभी कैडेट्स का माल्यार्पण कर स्वागत किया। एनसीसी कैडेट्स ज्ञानेंद्र मिश्रा, सुमित पाल, पवन यादव, विकास पाल, पर्वेंद्र प्रताप सिंह, हर्षित यादव, भुवनेश मौर्य, अजिंक्य, मोहित यादव, पुष्पेंद्र, रोहित, आशुतोष गौतम आदि का अभिनंदन करते हुए डॉ श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय में 50 कैडेट्स की इकाई संचालित है जिसमें से प्रत्येक वर्ष भारतीय सेना, सीमा सुरक्षा बल, विभिन्न प्रकार के अर्ध सैनिक बल एवं पुलिस विभाग में एनसीसी कैडेट्स का चयन होता रहता है किंतु इस बार एक दर्जन कैडेट्स का एक साथ चयन भारतीय सेना में सेवा देने के लिए हुआ है जो राजकीय महाविद्यालय के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। डॉ श्रद्धा गुप्ता ने इस उपलब्धि का श्रेय 21वीं बटालियन बरेली के कुशल मार्गदर्शन को देते हुए हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर डॉ गौरव कुमार सिंह, डॉ दिलीप कुमार वर्मा, डॉ हुकुम सिंह, डॉ पवन कुमार, अनूप सिंह, पवन कुमार आदि उपस्थित थे।

