बदायूं में युवक की गर्दन कटने से मौत; सड़क किनारे लगे कंटीले तार में फंसी बाइक, एक घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बृहस्पतिवार रात दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। सड़क किनारे खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कंटीले तार में बाइक फंस जाने से युवक की गर्दन कट गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम चितौरा निवासी कालीचरण (28) अपने एक साथी के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। देर रात गांव के पास सड़क किनारे स्थित एक आढ़ती के मक्का के खेत के पास पहुंचते ही उनकी बाइक खेत के किनारे लगे कंटीले तार में जा फंसी। हादसा इतना भयावह था कि कालीचरण की गर्दन गंभीर रूप से कट गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कालीचरण को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का उपचार जारी है।
मृतक के परिजनों ने खेत मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि सड़क किनारे खतरनाक तरीके से कंटीले तार लगाए गए थे, जिससे यह हादसा हुआ। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।
अलापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ दातागंज राहुल पाण्डेय का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *