बदायूॅं जनमत। बुधवार को पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक परीक्षा केंद्र की छत का मलबा एक छात्रा के ऊपर गिर गया। शहर के गिंदो देवी महाविद्यालय को पुलिस भर्ती परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। जिसमें परीक्षा दे रही एक छात्रा के ऊपर छत का हिस्सा टूटकर गिर पड़ा, जिससे पूरा परीक्षा हॉल दहशत में आ गया।
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत जनपद के थाना गजरौला क्षेत्र के बिठौरा कलां निवासी सोहनलाल की 18 वर्षीय बेटी पूजा रानी परीक्षा देने आई थी। वह शांतिपूर्वक परीक्षा दे रही थी, तभी अचानक क्लासरूम की जर्जर छत से लिंटर का सीमेंट टूटकर सीधे उसके सिर पर आ गिरा। तेज आवाज और दर्द से पूजा रानी चीख पड़ी और देखते ही देखते बेहोश होकर कुर्सी से गिर गई।
परीक्षा केंद्र में मची अफरा-तफरी…
घटना के तुरंत बाद परीक्षा केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। अन्य अभ्यर्थी भी डर के मारे अपनी सीटों से उठ खड़े हुए। कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आय आखिर हुआ क्या है। ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
व्यवस्थाओं पर उठे सवाल…
इस हादसे ने एक बार फिर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर भवनों की हालत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि गिंदो देवी महाविद्यालय की इमारत पहले से ही जर्जर स्थिति में थी और इसकी मरम्मत को लेकर कई बार शिकायतें भी की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पूजा रानी का सपना पुलिस विभाग में नौकरी कर अपने परिवार का नाम रोशन करना था, लेकिन इस हादसे ने उसका पेपर अधूरा ही छुटवा दिया। उसकी मेहनत और तैयारी कुछ ही पलों में बिखर गई।
अभ्यार्थियों में भारी आक्रोश…
हादसे के बाद अन्य अभ्यर्थियों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। छात्रों ने मांग की कि ऐसे असुरक्षित और जर्जर भवनों को तुरंत परीक्षा केंद्रों की सूची से हटाया जाए। साथ ही घायल छात्रा को उचित मुआवजा और दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाए। लोगों का मानना है कि गनीमत रही कि छत का केवल एक हिस्सा गिरा, वरना बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता था।

