बदायूं में झोलाछाप के इलाज से 12 वर्षीय बालक की मौत, पुलिस से कार्रवाई की मांग

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। रविवार सुबह 12 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप की ओर से ग्लूकोज की बोतल चढ़ाने के कुछ ही देर बाद बालक की हालत बिगड़ गई और उसकी जान चली गई। घटना के बाद आरोपी झोलाछाप मौके से भाग गया।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव बक्सेना गांव निवासी रामदास का 12 वर्षीय पुत्र नन्हे को रविवार सुबह पेट दर्द और उल्टी आ रही थी। परिजन उसे गांव के ही एक झोलाछाप के पास ले गए। आरोप है कि झोलाछाप ने बालक को दवा देने के साथ बोतल चढ़ाई। बोतल लगते ही नन्हे के मुंह से झाग निकलने लगे और उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों के मुताबिक करीब 30 मिनट के भीतर ही बालक की मौत हो गई।
नन्हे अपने आठ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद आरोपी क्लीनिक छोड़कर भाग गया। परिजनों ने हजरतपुर थाने में तहरीर देकर आरोपी झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *