बदायूँ जनमत। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव कुमार पाठक ने बताया है कि हज कमेटी ऑफ इण्डिया ने हज-2027 की अधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसके अनुसार इच्छुक हज आवेदक हज कमेटी ऑफ इण्डिया मुम्बई की वेबसाइट hajcommittee.gov.in तथा एप्लीकेशन “हज सुविधा’’ पर उपलब्ध हज ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा 22 जून से 20 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी। जुलाई के अन्तिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया के उपरान्त प्रत्येक प्रोवीजनल चयनित हज यात्री को 152300 रुपये की अग्रिम धनराशि 10 अगस्त तक जमा करनी होगी। हज के चयन उपरान्त सीट निरस्त कराने पर हज-2027 की गाइडलाइंस के नियमानुसार जमा धनराशि में कटौती की जाएगी। इसलिए इच्छुक हज यात्रियों को सलाह है कि आवेदन करने से पूर्व अपनी तैयारी व हज यात्रा करने की दृढ़ प्रतिबद्धता सुनिश्चित कर आवेदन करें। हज आवेदन पत्र भरने से पूर्व आवेदक हज-2027 के दिशा-निर्देशों (गाइडलाइन) को ध्यान से पढ़ लें। आवेदन हेतु मशीन पठित वैद्य अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट होना आवश्यक है जो आवेदन की अन्तिम तिथि 20 जुलाई तक जारी किया गया हो तथा कम से कम 31 दिसम्बर तक वैद्य हो। हज-2027 के लिए सामान्य 40 दिवस की यात्रा के अतिरिक्त छोटी 20 दिवसीय हज यात्रा के लिए आवेदन करने का विकल्प रखा गया है जिसमें कम सीटें उपलब्ध हैं। ऐसा विकल्प चयनित करने वालों हेतु केवल 08 उड़ान स्थल निर्धारित हैं। सामान्य यात्रा हेतु निर्धारित शर्ते हज 2026 की भॉति ही रहेंगी। इच्छुक आवेदकों से अनुरोध है कि वह हज कर्मटी ऑफ़ इण्डिया मुम्बई की वेबसाइट hajcommittee.gov.in तथा उप्र राज्य हज समिति की वेबसाइट hajcommittee.up.gov.in पर उपलब्ध हज-2027 की पॉलिसी, हज गाइडलाइंस को ध्यानपूर्वक पढ़ लें तथा अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। ऑनलाइन आवेदन करते समय नवीन पासपोर्ट आकार का फ़ोटो, मशीन पठनीय अन्तर्राष्ट्रीय पासपोर्ट का प्रथम पृष्ठ व अन्तिम पृष्ठ,पते का प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक भी आवेदनकर्ता को अपलोड करना होगा। ऑनलाइन आवेदन उपरान्त आवेदन फार्म का प्रिंटआउट डाउनलोड करना होगा एवं उसे सचिव/कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस सरोजनीनगर, लखनऊ को उपलब्ध कराना होगा। हज-2027 जिला स्तर पर हज यात्रियों की सुविधा के लिए मदरसा शम्सुल उलूम घण्टाघर बदायूं को हज ई-सुविधा केन्द्र स्थापित कर मदरसे के प्रधानाचार्य मुहम्मद इरशाद आलम को नोडल अधिकारी नामित किया गया है ताकि हज यात्रियों को ऑनलाईन आवेदन-पत्र भरने में निःशुल्क सुविधा प्रदान की जा सके।

