बदायूॅं जनमत। होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा वन महोत्सव के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण गोष्ठी एवं पौधरोपण एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
वन महोत्सव सप्ताह के अवसर पर जिला गंगा समिति एवं होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान डीपीओ नमामि गंगे एवं वन प्रभाग के निर्देशन में ग्राम पड़ौआ विकास खंड जगत स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण गोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत संस्था द्वारा संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत “हर दिन, हर घर पौधारोपण” अभियान का शुभारंभ विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 पोस्टरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण के प्रति सामूहिक शपथ ग्रहण करते हुए अपने पर्यावरण को सुरक्षित एवं समृद्ध बनाने का संकल्प लिया।
संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से आह्वान करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें निरंतर संरक्षण एवं उचित देखभाल प्रदान कर वृक्ष के रूप में विकसित करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मपाल ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व और उसकी आवश्यकता के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में संस्था की स्वयंसेवी शिवांशिका सिंह (बी.टेक. की छात्रा) ने बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य, जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों तथा उनसे बचाव के उपायों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं तथा संस्था के सदस्य मनोज कुमार सिंह, धीरेंद्र कुमार, स्वयंसेवी कुमकुम, मंजुल आदि लोग उपस्थित रहे।

