बदायूँ जनमत। जिले के कस्बा अलापुर और सैदपुर में कान्हा गोशाला बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके लिए शासन ने भूमि उपलब्ध कराने को कहा है। वहीं 165.89 लाख रुपयों की लागत से गोशाला का निर्माण होगा।
बता दें कि नगर पंचायत अलापुर चेयरमैन पति फ़हीम उद्दीन के अथक प्रयासों से शासन द्वारा किसानों सहित क्षेत्र वासियों को कान्हा गौशाला की सौगात दी है।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा किसानों के हित में और पशुओं के प्रति क्रूरता को रोकने तथा आवारा पशुओं के पुनर्वासन व बेसहारा पशुओं के लिए नगरीय क्षेत्र में कान्हा गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है। चेयरमैन हुमा फ़हीम ने पत्र लिखकर शासन से नगर में कान्हा गौशाला की मांग की थी, जिसको शासन ने गंम्भीरता से लिया और नगर में कान्हा गौशाला की स्थापना कर निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। इस कान्हा गौशाला में 500 पशु तक रखें जा सकेंगे। जिसके लिए उत्तर प्रदेश शासन की सराहना की जा रही है।
वहीं अलापुर चेयरमैन पति फ़हीम उद्दीन ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी कस्बे की समस्याओं का निदान कराना तथा कस्बे का विकास कराना मेरी प्राथमिकता है। वहीं चेयरमैन अलापुर हुमा फ़हीम ने उत्तर प्रदेश का शासन का आभार व्यक्त किया है।

