खेत में मिला युवक का अर्धनग्न शव; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, शरीर पर मिले चोट के निशान

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। कादरचौक थाना क्षेत्र स्थित घटियारी गांव में गुरुवार सुबह 35 वर्षीय युवक सोपाली का शव अर्द्धनग्न अवस्था में एक खेत में मिला। शव पर चोटों के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने कुछ लोगों पर पीटकर सोपाली की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आरोपी पक्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक सोपाली पुत्र रुस्तम मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे सोपाली खाना खा रहा था, तभी उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन पर बात करने के बाद उसने अपनी पत्नी संगीता से कहा कि वह धान निकालने के लिए मजदूरी पर जा रहा है और सुबह लौट आएगा। गुरुवार सुबह खेतिहर इलाके में पहुंचे किसानों ने एक खेत में सोपाली का शव पड़ा देखा। परिवार वालों के अनुसार, शव औंधे मुंह पड़ा था और शरीर पर डंडे से चोट के निशान थे। परिजनों द्वारा गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्राइम सीन से संबंधित जानकारियां जुटाईं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोपाली अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई प्रेमपाल और रामप्रकाश हैं, जबकि एक छोटा भाई राजू है। सोपाली शादीशुदा था और उसके परिवार में पत्नी संगीता के अलावा तीन साल का बेटा रामू और दो साल की बेटी देवी हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *