बदायूॅं जनमत। बुधवार देर रात बदायूं-दातागंज मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मृत्यु हो गई। रात उसके शव की पहचान नहीं हो पाई। सुबह शिनाख्त होने पर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव मचलई निवासी 32 वर्षीय मुनेंद्र खेतीबाड़ी करता था। इसी से उसके परिवार का पालन-पोषण हो रहा था। परिजनों के मुताबिक वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बुधवार को मुनेंद्र अपनी बुआ के घर शहर के मुहल्ला ब्राहमपुर आया था। यहां से वह देर शाम घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बदायूं-दातागंज मार्ग पर किसरुआ गांव के नजदीक कोई अज्ञात वाहन टक्कर मारकर चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया था और उसके बारे में छानबीन शुरू कर दी थी लेकिन रात उसके शव की पहचान नहीं हो पाई। इधर परिवारजन रातभर उसे तलाश करते रहे। गुरुवार दोपहर बाद स्वजन को हादसे का पता चलाद्ध। तब वह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। तब पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू की। मुनेंद्र के दो बेटी और दो बेटे हैं। उसकी मृत्यु से परिजनों का बुरा हाल है।


