बदायूं में ई-रिक्शा की चपेट में आकर अनियंत्रित हुई बाइक; पेड़ से टकराने पर युवक की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक तेज रफ्तार बाइक ई-रिक्शा की चपेट में आने से अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह को वह अपनी बाइक से खेत पर जा रहा था। हादसा बिसौली-दबतोरी रोड पर सुबह आठ बजे हुआ, जो कोल्ड स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था। बाइक की रफ्तार भी बहुत तेज थी।
बिसौली कस्बे की बद्री प्रसाद कॉलोनी के रहने वाले जितेंद्र मौर्य (31 वर्ष) पुत्र गंगाराम मौर्य खेती करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। बृहस्पतिवार सुबह को धान की फसल की कटाई खेत में चल रही थी। जिसे देखने के लिए वह बाइक लेकर खेत पर जा रहा था। इसी दौरान दबतोरी मार्ग पर अन्नपूर्णा कोल्ड स्टोर के सामने उसकी बाइक ई-रिक्शा की चपेट में आ गई। इसके बाद अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस व परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। शव देख परिजनों का हाल बेहाल हो गया। उसके एक पांच साल का बेटा है। पत्नी व परिजनों का रो-रोकर खराब हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *