बदायूॅं जनमत। बिजली कटौती को लेकर सोमवार शाम दर्जनों ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को मांग पत्र सौंपकर गांव में बिजली व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है।
मामला उसहैत विद्युत उपकेंद्र का है। क्षेत्र के गांव रसूलपुर नगला के ग्रामीणों ने बताया कि 5 जुलाई से उनके गांव के लगभग आधे हिस्से में विद्युत आपूर्ति बाधित है। कई बार सूचित करने के बावजूद विभाग द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई। उपभोक्ताओं ने बताया कि उसने गांव में 25 केवी का नया ट्रांसफार्मर सोत नदी में लगाया गया है, लेकिन अब तक उसकी सप्लाई चालू नहीं हुई है। गांव में लगे छोटे 10 केवी के ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे हैं या विद्युत सप्लाई के तार टूट रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वह विभाग के उच्चाधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपेंगे। गांव में लगभग 400 से 500 विद्युत कनेक्शन हैं, जिनके बिल भी समय पर जमा किए जाते हैं।
विरोध प्रदर्शन में उदयवीर ठाकुर, ओमवीर ठाकुर, राजू यदुवंशी, वीरेंद्र सिंह, सुनील कुमार, अब्दुल कय्यूम, दिलदार खान, मान खान, मुस्तकीम खान, अब्दुल राजिक, जमा खान, ओमपाल राठौर, साकिब अली, वफादार खान, सुरजीत, मख़दूम, गुड्डू, बबलू सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे। उन्होंने अवर अभियंता को लिखित में मांग पत्र सौंपकर समस्या का शीघ्र निस्तारण कर बिजली आपूर्ति सुचारू करने की अपील की।
अवर अभियंता (जेई) रामकिशोर श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें रसूलपुर नगला की समस्या की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे स्वयं विद्युत कर्मियों के साथ गांव का दौरा करेंगे और बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी गांव गए थे और सोत नदी के तट पर लगे 25 केवी ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर लगाने के लिए जगह भी देखी है।


