बदायूं में हत्या का राजफाश; पत्नी की हत्या कर सोकपिट में छिपाया, तीसरे दिन जलाया, 3 गिरफ्तार

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। एक लापता महिला की तलाश के दौरान पुलिस को 42वें दिन सफलता हाथ लगी है। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या कर उसके शव का जला दिया गया। पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला के पति और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पति ने प्रेम संबंध के चलते पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को घर के आंगन में बने लैट्रिन के टैंक (सोकपिट) में छिपा दिया। तीन दिन बाद शव निकालकर श्मशान के पास जला दिया। इस मामले में छह लोगों की संलिप्तता सामने आई है।
बिसौली क्षेत्र के गांव सर्वा निवासी जय सिंह यादव ने प्रेम संबंध के चलते पत्नी सत्यवती (40 वर्ष) की अपने भाई चंद्रपाल, भांजे विजय यादव उर्फ छोटू के साथ मिलकर एक-दो जून की रात कमरे के भीतर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद मृतका के शव को आंगन में बने सोकपिट में छिपा दिया। घटना वाली रात जय सिंह के बड़े भाई चंद्रपाल ने आत्मग्लानि के चलते पेड़ पर फंदा लगाकर हत्या कर ली थी। तीन दिन तक किसी को भनक नहीं लगने के बाद रात 12 बजे जय सिंह यादव ने अपने सहयोगी पाठकपुर निवासी रामभान यादव, सर्वा गांव के चंदेल, बहनोई सर्वेश यादव के साथ सोकपिट से शव निकालकर बाइक से सर्वा और पाठकपुर गांव के बीच में स्थित श्मशान घाट ले गए। सहयोगियों की ओर से वहां पहले ही शव को जलाने के इंतजाम किए जा चुके थे। शव पहुंचते ही आग के हवाले कर दिया गया।

मृतका के पिता ने दी थी तहरीर…

उधर, अनहोनी की आशंका के चलते सत्यवती के पिता राजवीर सिंह यादव ने थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। इस पर पुलिस ने छानबीन शुरू की। तीन दिन जांच के बाद पुलिस को पति जय सिंह यादव पर शक हुआ, तो उन्होंने कड़ाई से पूछताछ की। तब आरोपी पति ने घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त की गईं दो बाइक, गमछा, फावड़ा, तसला, बाल्टी, मोबाइल फोन, टूटी चूड़ियां, पायल, अधजली लकड़ी, शव के अवशेष, बिछुए व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद हो गए। इसके बाद पुलिस ने रामभान यादव और चंदेल को भी पकड़ लिया।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में पति समेत तीन को गिरफ्तार किया गया है। विवेचना के आधार पर रिपोर्ट में साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। आरोपी सर्वेश यादव और विजय यादव फरार हैं। उनकी तलाश के लिए टीम दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *