बदायूॅं जनमत। रविवार सुबह जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में बुआ-भतीजे की मौत हो गई। वहीं एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाकर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम कराया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की भी स्थिति बन गई।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव बरीपुरा निवासी सत्यम (20 वर्ष) अपनी बुआ महेश्वरी देवी (58 वर्ष) पत्नी दुर्वेश सिंह निवासी जरगांव थाना बनियाठेर मुरादाबाद और बहन मानवी (15 वर्ष) को बाइक से लेकर आंवला के मनौना धाम जा रहे थे। बरीपुरा पेट्रोल पंप से आगे आंवला-बिसौली मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सत्यम और महेश्वरी देवी की सड़क पर उछलकर गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में सत्यम की बहन पायल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क से दूर जा गिरी। हादसा होने के बाद चालक पिकअप को छोड़कर मौके से भाग निकला।
युवक ने नहीं लगाया हेलमेट…
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चला रहे सत्यम ने हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। परिवार में एक साथ दो मौत होने से कोहराम मच गया। सत्यम की मां और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। सत्यम के पिता की भी कुछ दिन पहले हादसे में जान जा चुकी है।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मनौना धाम जा रहे थे बुआ-भतीजा और बहन…
परिजनों के अनुसार, महेश्वरी देवी आठ दिन पहले ही मुरादाबाद से मायके वरीपुरा आई थी। रविवार को उनका मन मनौना धाम दर्शन करने जाने का हुआ। इसके बाद ही रविवार सुबह सत्यम अपनी बाइक से बुआ और बहन को लेकर मनौना धाम के लिए निकला। गांव से कुछ दूर निकलते ही हादसा हो गया। इसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

