बदायूं में बाइक से टकराने के बाद टेंपो पलटा, दो लोगों की मौत, पांच घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। कछला-शाहबाद हाईवे पर बितरोई के पास बुधवार सुबह बाइक से टकराने के बाद श्रद्धालुओं से भरा टेंपो पलटने से हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक बाइक चालक है। टेंपो सवार तीन और बाइक सवार मां-बेटा इस हादसे में घायल हुए।
मुजरिया थाना पुलिस के अनुसार, हादसे में टेंपो सवार बिल्सी क्षेत्र के गांव रायपुर बुजुर्ग निवासी सुरेश पाल सिंह तोमर (65) और बाइक चालक यहीं के गांव महलौली के बृजपाल शर्मा (58) की जान गई। सुरेश पाल अपने गांव के कुछ लोगों के साथ कछला से गंगा स्नान करके लौट रहे थे। करीब दस बजे मुजरिया थाना क्षेत्र में बितरोई पहुंचने पर टेंपो से बाइक टकरा गई। सुरेश पाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रायपुर बुजुर्ग गांव के फूल चंद्र शाक्य, कुंवरपाल सिंह और गांव वैन निवासी लल्लू सिंह घायल हो गए।

बाइक सवार ने बरेली में तोड़ा दम…

हादसे में घायल बाइक चालक बृजपाल को गंभीर हालत में पहले सीएचसी और फिर राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया, उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। उनकी पत्नी निर्मला देवी और बेटा प्रशांत कुमार का बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि मुजरिया थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। अभी यह पता नहीं चल सका है कि बृजपाल परिवार के साथ कहां जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *