बदायूं में दर्दनाक हादसा; ट्रैक्टर से टकराई बाइक, भाई-बहन की मौत, परिवार में कोहराम

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी तहेरी बहन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के संजरपुर गांव निवासी मीनू और परी बाइक से उझानी की ओर आ रहे थे। उझानी से करीब आधा किलोमीटर पहले उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक मीनू (23 वर्ष) और उसकी तहेरी बहन परी (16 वर्ष) दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्राम प्रधान के मुताबिक, परी के सगे भाई धनपाल (करीब 35 वर्ष) आगरा में रहते हैं। वह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और आगरा के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर होने की सूचना मिलने पर उनके पिता जयराम संजरपुर से आगरा जाने के लिए निकले थे। वह उझानी पहुंचे, लेकिन देर रात बस नहीं मिलने के कारण आगे नहीं जा सके।

चचेरे भाई के साथ पिता को लेने जा रही थी परी…

इसकी जानकारी मिलने पर उनका भतीजा मीनू बाइक लेकर जयराम को वापस लेने के लिए उझानी की ओर चला। इसी दौरान परी ने भी जिद की कि वह अपने पिता को लेने साथ जाएगी। दोनों उझानी की ओर निकले, लेकिन पिता तक पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़…

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहले से धनपाल के गंभीर रूप से घायल होने से परेशान परिवार पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *