बदायूॅं जनमत। जिले में चल रही लंगूरों की तस्करी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी को 10 लंगूरों और एक कार के साथ गिरफ्तार किया है। ये लंगूर पीलीभीत के दियोरिया जंगल से लाए गए थे और इन्हें बेचने की तैयारी थी। आरोपी ने ये लंगूर कार में ही भर रखे थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कादरचौक क्षेत्र में लंगूरों की खरीद-फरोख्त चल रही है। यह काम बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए किया जा रहा था। आरोपी कादरचौक का ही रहने वाला है। वह पीलीभीत से लंगूरों को लेकर कादरचौक जा रहा था।
पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि कई लोगों ने लंगूरों की मांग की थी। प्रत्येक लंगूर 15 से 20 हजार रुपये में बिकता है। आरोपी इन्हें बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को मौके से दबोच लिया। पुलिस ने युवक से 10 लंगूर और एक कार बरामद की।
वन विभाग ने की कार्रवाई…
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) विनीता सिंह ने बताया कि जानकारी मिलते ही टीम को भेजा गया था। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
ये है लंगूरों की तस्करी का मुख्य कारण…
बताया जा रहा है कि कादरचौक क्षेत्र में बंदरों का आतंक एक बड़ी समस्या है। स्थानीय लोग इस समस्या से परेशान हैं। इसी कारण लंगूरों की मांग बढ़ गई थी। तस्कर इसी मांग का फायदा उठा रहे थे।

