बदायूॅं जनमत। कादरचौक थाना क्षेत्र के गनियाई गांव में शुक्रवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने टेंट व्यवसायी अमर सिंह के घर धावा बोला। बदमाशों ने परिवार के लोगों को पीटा। पीड़ित के मुताबिक बदमाश करीब चार लाख रुपये का सामान और 36 हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए। वारदात के बाद बदमाशों ने चार-पांच राउंड फायरिंग की, जिससे गांव में दहशत फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, अमर सिंह टेंट का व्यवसाय करते हैं। गांव में पहली बार देशी शराब की दुकान का ठेका भी हुआ है। शराब की बिक्री का काम अमर सिंह ही संभाल रहे थे। शुक्रवार रात करीब 12 बजे चार-पांच बदमाश उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने घर में घुसने के बाद परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान उन्होंने घर में रखे सामान और नकदी को कब्जे में ले लिया।
परिजनों के मुताबिक, बदमाश करीब चार लाख रुपये कीमत का सामान और 36 को हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने परिवार के लोगों से घर में मौजूद अन्य सामान के बारे में भी पूछताछ की। इसके बाद फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर पास की गोशाला में सो रहे ग्राम प्रधान की भी नींद खुल गई। लगातार गोलियों की आवाज और बदमाशों के डर से वह काफी देर तक वहीं दुबके रहे।
वारदात के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के संदिग्ध प्रतीत होने पूछताछ करके जांच की जानकारी की जा रही है। इधर, सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच टीम कर रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

