जिला अस्पताल में डॉक्टर से लूट, चाकू दिखाकर नकदी और फोन छीनने का आरोप

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। जिला अस्पताल की मोर्चरी के पास शनिवार को दिनदहाड़े दो नकाबपोश बदमाशों ने संविदा डॉक्टर को चाकू दिखाकर 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। अस्पताल परिसर में हुई वारदात से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में संविदा पर एमओ के पद पर तैनात डॉक्टर विकास शर्मा मोर्चरी के समीप खड़े थे। इसी दौरान दो नकाबपोश युवक उनके पास पहुंचे और चाकू दिखाकर धमकाने लगे। डॉक्टर के मुताबिक बदमाशों ने उनसे 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े जिला अस्पताल परिसर के नजदीक हुई लूट की घटना से अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और मरीजों में भी अफरातफरी मच गई।

CCTV खंगाल रही पुलिस…

सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि नकाबपोश बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। अस्पताल जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर दिनदहाड़े हुई वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *