बदायूॅं जनमत। जिले के इंडियन ऑयल (इंडेन) से जुड़े रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए खास र बड़ी खबर है। उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिलना मुश्किल हो सकता है, इसकी वजह है कि 15 अगस्त तक केवाईसी करा लेने का आदेश आया है। जिले में अभी तक एक लाख उपभोक्ताओं ने केवाईसी नहीं कराई है। केवाईसी के अभाव में घरेलू रसोई सिलिंडर की आपूर्ति अटक सकती है।
इंडेन रसोई गैस के कनेक्शन धारकों केवाईसी करा लेने के लिए कार्रवाई जिले में वितरण केंद्र (एजेंसी) पर पिछले कई महीनों से चल रही है। शुरुआती महीनों में तो उपभोक्ताओं ने दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन बाद में केवाईसी कराने के लिए एजेंसी पर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में गिरावट होने लगी।
इंडेन के क्षेत्रीय वितरण अधिकारी अमित कुमार और स्थानीय एजेंसी संचालक अनूप जैन ने बताया कि केवाईसी कराने के लिए 15 अगस्त का तक समय दिया गया है। बिना केवाईसी के उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की बुकिंग होना मुश्किल हो जाएगा।
जिले में हैं 4.43 लाख उपभोक्ता…
बता दें कि जिले में इंडेन के उपभोक्ताओं की संख्या करीब 4.43 लाख है। इनमें प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के कनेक्शन धारक करीब 1.97 लाख हैं। दोनों श्रेणी के 92.5 हजार उपभोक्ताओं ने अभी तक केवाईसी नहीं कराई है। इसी तरह उझानी की स्थिति को लेकर संचालक जैन ने बताया कि करीब 28 हजार उपभोक्ताओं में 7.5 हजार उपभोक्ता केवाईसी कराने नहीं आए हैं। केवाईसी के लिए जिले की हर एजेंसी पर सुविधा उपलब्ध है।

