लापरवाही बनी हादसा; कांवड़ यात्रा के दौरान करंट से 7 झुलसे, एक कांवड़िए की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। कांवड़ मार्ग पर लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया। करीब 15 फीट ऊंचाई पर लटकती हाईटेंशन लाइन कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से छू गई। इससे तेज धमाका हुआ, चीख-पुकार के बीच कांवड़िए ट्रॉली से नीचे जा गिरे। करंट से एक कांवड़िया की मौत हो गई, वहीं सात बच्चे झुलस गए।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गौरामई गांव की बाल्मीकि बस्ती से 60-70 कांवड़ियों का जत्था ट्रैक्टर-ट्रॉली में साउंड सिस्टम लगाकर गली से गुजर रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, कांवड़िया रोहित ट्रॉली में 12-13 फीट ऊंचे स्पीकरों से सटकर खड़े था। बाकी कांवड़िए अपने परिजनों से मिलते हुए पैदल आगे बढ़ने लगे। ट्रॉली के पीछे गांव के दर्जनों बच्चे चल रहे थे। रास्ते में हाईटेंशन लाइन नीचे लटक रही थी, मगर अंधेरा होने के कारण कोई उसे देख नहीं सका। उसी दौरान हाईटेंशन लाइन का तार स्पीकर से छूते ही रोशनी के साथ तेज धमाका हुआ। ट्रॉली में करंट दौड़ने से रोहित छटपटाकर वहीं गिर गया। ग्रामीण उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, मगर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे में झुलसे बच्चों का विवरण…

हादसे में झुलसने वाले बच्चों में विपेंद्र (11 वर्ष), बृजेश (11 वर्ष) और तेजवीर (8 वर्ष) शामिल हैं। प्रशांत (14 वर्ष), सौरभ (8 वर्ष), दामेश (9 वर्ष) और अंशु (12 वर्ष) भी झुलसे हैं। ये सभी बच्चे गौरा मई गांव के निवासी हैं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है।
पुलिस ने घटना के संबंध में विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सीओ सुनील कुमार सिंह ने जनरेटर से शॉर्ट सर्किट को हादसे का संभावित कारण बताया है। हालांकि, मृतक के भाई ने 11 केवीए की विद्युत लाइन के छूने की बात कही है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। हादसे की सही वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *