बदायूं में 14 साल की नाबालिग से दुष्कर्म, नाना के घर जा रही लड़की को खेत में ले गया आरोपी

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। कादरचौक थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 साल की लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रमजानपुर निवासी एक युवक ने किशोरी को उसके नाना के घर छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर लिफ्ट दी और गांव के बाहर खेतों में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सोमवार दोपहर पीड़िता की मां की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां द्वारा पुलिस की तहरीर के अनुसार, घटना 20 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। उनकी 14 साल की बेटी अपनी बहनों के साथ नाना के घर जा रही थी। घर से कुछ ही दूरी पर रमजानपुर निवासी जुबैर पुत्र शाकिर अली अपनी मोटरसाइकिल से पहुंचा। आरोपी ने किशोरी से नाना के घर छोड़ने की बात कही, जिस पर बालिका उसकी बाइक पर बैठ गई।
आरोप है कि जुबैर किशोरी को नाना के घर ले जाने के बजाय गांव के बाहर सुनसान खेतों की तरफ ले गया, जहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी किशोरी को उसके नाना के घर के बाहर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस…

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पीड़िता को लेकर कादरचौक थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने सोमवार दोपहर 1 बजे मामले में केस दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है। साथ ही किशोरी के बयान दर्ज कर सबूत जुटाए जा रहे हैं।
पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी जुबैर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। किशोरी का मेडिकल कराया जा रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। – विक्रम सिंह, थाना प्रभारी कादरचौक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *