गांधी जयंती पर विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम को लेकर जागरूकता अभियान शुरू

शिक्षा

बदायूँ जनमत। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार गांधी जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो अधिनियम) के प्रावधानों एवं कानूनी परिणामों के संबंध में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का प्रथम चरण 25 सितम्बर से 01 अक्टूबर तक तथा द्वितीय चरण 02 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश विवेक संगल की अध्यक्षता में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में अपर सिविल जज व प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित रस्तोगी ने भी प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश विवेक संगल ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने लैंगिक अपराधों से बचाव, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनुचित घटना की जानकारी बिना संकोच विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक अथवा अन्य जिम्मेदार व्यक्ति को दी जानी चाहिए।
प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाओं को शिक्षित होने के साथ-साथ अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने बालिकाओं को गुड टच एवं बैड टच के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा किसी भी असहज अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में तत्काल अपने अभिभावक या शिक्षक को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रमों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का समस्त स्टाफ, पराविधिक स्वयंसेवक, राजकीय इंटर कॉलेज एवं सिगलर मिशन गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *