बाढ़ग्रस्त सकतपुर खाम में पहुंचा स्वास्थ्य विभाग, शिविर में 187 मरीजों का उपचार

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। दातागंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित सकतपुर खाम में आज शनिवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 187 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में 64 मरीज बुखार, 141 मरीज खुजली तथा अन्य त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित पाए गए, जबकि 12 मरीज खांसी से प्रभावित मिले। बुखार से पीड़ित 56 मरीजों की मलेरिया जांच तथा 12 मरीजों की टाइफाइड जांच की गई, जिनकी सभी रिपोर्टें नेगेटिव आईं। इसके अलावा 12 मरीजों की टीबी संबंधी जांच भी की गई।
स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिराज अंसारी, ऑप्टोमेट्रिस्ट हरीश कुमार, फिजियोथैरेपिस्ट शाहिद हुसैन, लैब टेक्नीशियन राम प्रताप एवं वार्ड बॉय सोहन सिंह ने सेवाएं प्रदान कीं।
डॉ. सिराज अंसारी ने बताया कि बाढ़ का पानी उतरने के दौरान संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से पानी उबालकर ठंडा करने के बाद ही पीने, स्वच्छता बनाए रखने तथा मच्छरों और मक्खियों से बचाव के लिए मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतकर कई संक्रामक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *