कादरचौक और उसहैत में स्वास्थ्य विभाग की छापामारी, अवैध संचालकों में हड़कंप

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और बिना पंजीकरण चिकित्सा सेवाएं देने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास शर्मा के निर्देश पर उसैहत और कादरचौक क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान उसैहत में एक क्लीनिक की संचालिका को वैध अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया, जबकि कादरचौक में बिना अनुमति संचालित गुनगुन अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसैहत कस्बे में संचालित क्लीनिकों की जांच की। इस दौरान कल्लू क्लीनिक की संचालिका को नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर क्लीनिक के वैध पंजीकरण और अन्य जरूरी अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, संबंधित क्लीनिक को अब तक तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद संचालिका की ओर से संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।
जांच अभियान में शामिल डॉ. पवन जायसी, डॉ. श्री मोहन झा और डॉ. नवनीत कुमार ने बताया कि निर्धारित समय में वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर क्लीनिक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा को भेज दी गई है।

फर्जी अल्ट्रासाउंड सेंटर सील…

वहीं, कादरचौक क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुनगुन अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच की। जांच के दौरान सेंटर संचालक वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर टीम ने मौके पर ही सेंटर को सील कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *