बदायूं में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एआरटीओ चौराहे के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे भगवानदास (42 वर्ष) और उनके 14 वर्षीय बेटे आशीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कटैया निवासी भगवानदास अपनी पत्नी कमलेश और बेटे आशीष के साथ भाई दूज पर कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव दरबाउनगर स्थित अपनी ससुराल गए थे। बृहस्पतिवार को तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एआईटीओ चौराहे के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से भगवानदास और उनका बेटा ट्रक के नीचे आ गए।

पिता-पुत्र के ऊपर से उतरा ट्रक का पहिया

ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजरने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल महिला को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में लेकर शेखूपुर चौकी पर खड़ा करा दिया है। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *