बदायूॅं जनमत। दुबई में पाकिस्तान के मुक्केबाज को हराने वाले बदायूं के अदनान अहमद सोमवार को पैतृक गांव रमजानपुर पहुंचे। ग्रामीणों और प्रशंसकों ने फूल-मालाओं, बैंडबाजे और आतिशबाजी के बीच उनका स्वागत किया। अदनान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में देश का प्रतिनिधत्व करना उनके लिए गर्व की बात है।
दुबई में आयोजित मुक्केबाजी मुकाबले में पाकिस्तान के मुक्केबाज को पराजित कर अदनान ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उनकी जीत की खबर से गांव और क्षेत्र के लोग पहले से ही उत्साहित थे। अदनान के पहुंचते ही समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। बैंडबाजे की धुन और आतिशबाजी के बीच लोगों ने उनका स्वागत किया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और हर कोई अदनान के साथ तस्वीर खिंचवाने तथा उन्हें बधाई देने के लिए उत्सुक रहा।
हज़रत गूंगे शाह के मज़ार पर टेंका माथा…
स्वागत समारोह के बाद अदनान ने रमजानपुर स्थित हजरत गूंगे शाह की दरगाह पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेककर दुआ मांगी। इसके बाद वह शिव मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। अदनान ने गांव के लोगों से मिले प्यार, सम्मान और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने जिस अपनापन और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया है, वह उनके लिए बेहद खास है। गांव के लोगों का प्यार और समर्थन उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
भारत का तिरंगा हमेशा ऊंचा रहेगा…
अदनान ने कहा कि खेल के मैदान में देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भारत का तिरंगा हमेशा ऊंचा रहेगा और देश के लिए जीत हासिल करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। गांव के लोगों से मिले सम्मान को उन्होंने अपनी ताकत बताते हुए सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर मुशीरुद्दीन सत्तार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, समर्थक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


