बदायूॅं जनमत। पूर्व जिला पंचायत सदस्य व राष्ट्रीय सचिव समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा हाफ़िज़ इरफ़ान ने संविधान दिवस के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने अपना बयान जारी करते हुए कहा कि संविधान हमारे देश की रीढ़ है, हमारी पहचान है और हमारी सबसे बड़ी ताक़त है।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने हमारे संविधान को अपनाया था। यह वही संविधान है जिसने हर हिंदुस्तानी को बराबरी का हक़ दिया, बोलने की आज़ादी दी, अपने मज़हब पर बेरोकटोक चलने की आज़ादी दी, हक़ और इंसाफ़ पाने का अधिकार दिया। संविधान की ताक़त से ही करोड़ों शोषित वंचित मज़दूर ग़रीब अल्पसंख्यक का हक़ वाजिब हुआ। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों का यह एहसान देश कभी नहीं भूल सकता।
हाफ़िज़ इरफ़ान ने कहा, “आइए इस संविधान दिवस पर हम सब संकल्प लें कि संविधान की तहफ़्फ़ुज़ ओ बक़ा के लिए हमेशा कोशां रहेंगे। संविधान को बचाना ही देश को बचाना है, लोकतंत्र को बचाना है और आने वाली नस्लों के मुस्तक़बिल को बचाना है।”
उन्होंने कहा कि समाज में हर संजीदा व्यक्ति को अपने-अपने इस्तर से संविधान के प्रति समर्पण और जागरूकता लाने जैसे प्रयास करते रहना चाहिए। चाहे वह शिक्षक हो, वकील हो, पत्रकार हो, छात्र हो, किसान हो या सियासी कार्यकर्ता हो, हर किसी को अपनी ज़िम्मेदारी निभानी होगी। संविधान सिर्फ किताब में रहने वाली चीज़ नहीं है, बल्कि उसे अपनी ज़िंदगी और अपने अमल में उतारना होगा।
उन्होंने कहा कि आज कुछ ताक़तें संविधान को कमज़ोर करने, नफ़रत फैलाने और भाईचारे को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे वक़्त में हमें और ज़्यादा मज़बूती से संविधान के साथ खड़े होना होगा। हमें गाँव-गाँव, मोहल्ला-मोहल्ला जाकर लोगों को उनके हुक़ूक़ के बारे में बताना होगा। नौजवानों को संविधान पढ़ना होगा और दूसरों को पढ़ाना होगा।
हाफ़िज़ इरफ़ान ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से संविधान, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव की प्रैणां और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी संविधान की हिफ़ाज़त के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार है।
अंत में उन्होंने कहा कि संविधान दिवस सिर्फ़ एक दिन मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह पूरे साल संविधान के उसूलों पर चलने का संकल्प लेने का दिन है। हम सब मिलकर देश में अमन, भाईचारा और बराबरी को मज़बूत करेंगे।

