बदायूं में पुरानी रंजिश के चलते खेत विवाद में दो पक्षों में हुई फायरिंग 03 की हत्या, तीन गंभीर घायल

अपराध

बदायूँ जनमत। खेत के विवाद में तीन लोगों की हत्या हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। दरअसल, एक हत्या के मामले में दो पक्षों में डेढ़ साल पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी को लेकर बुधवार को एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे के साथ ही फायरिंग हुई। घटना जरीफनगर थाना क्षेत्र के भक्ता नगला गांव की है।
जानकारी के अनुसार 5 अक्टूबर 2021 को मेड़ को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। जिसमें जगदीश की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद जय प्रकाश और सत्येंद्र गुट ने रेशमपाल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसके बाद दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। रेशमपाल लगातार केस वापसी का दबाव बना रहा था। लगातार दबाव बनाने के बावजूद जब दूसरा पक्ष नहीं माना तो आज रेशमपाल ने जय प्रकाश, सत्येंद्र समेत खेत में काम कर रहे लोगों को हमला कर दिया। इसमें पहले तो जमकर लाठी-डंडे चले। फिर फायरिंग की गई। घटना में एक पक्ष के जय प्रकाश और सत्येंद्र यादव की मौत हो गई है। इसके बाद गुस्साए दूसरे पक्ष के लोगों ने रेशमपाल की जमकर पिटाई कर दी।
घटना में घायल व्यक्ति ने बताया, “हम लोग खेत पर काम रहे थे। तभी दूसरे पक्ष ने मौका देखकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन लोगों ने फायरिंग भी की। जिसके बाद हम लोगों ने भी बचाव के लिए हमला किया। इस घटना में जय प्रकाश, सत्येंद्र यादव और रेशमपाल की मौत हुई है।”


मामले में एसएसपी डॉ ओपी सिंह ने बताया, “दोनों पक्ष अपने खेत में काम कर रहे थे। एक पक्ष पानी लगा रहा था। वहीं, दूसरा पक्ष खाद डाल रहा था। इसी बीच दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद में लाठी-डंडों और राइफल से दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। हमले में 6 लोग घायल हुए थे। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां 3 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस इस मामले में 4 लोगों से पूछताछ कर रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *