बदायूँ जनमत। भाजपा ने जिले में 7 नगर पालिका अध्यक्ष और 14 नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। रविवार देर शाम पार्टी कार्यालय को सभी नगर पालिका के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई।
जिसके चलते बदायूं नगर पालिका सीट से पार्टी ने एक बार फिर दीपमाला गोयल पर भरोसा जताया है। दीपमाला साल 2017 से यहां चेयरमैन की सीट पर काबिज थी। वहीं उझानी नगर पालिका सीट से पूनम अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। पूनम अग्रवाल इससे पहले समाजवादी पार्टी में थीं, लेकिन चुनावी सरगर्मियों के बीच उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।
सहसवान सीट से अनुज माहेश्वरी प्रत्याशी बने हैं। अनुज इससे पहले युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं। मिलावटी शराब कांड के आरोपी की पैरवी में उनका नाम काफी उछला था। बिल्सी नगर पालिका सीट से ज्ञानमती सागर को भाजपा ने उम्मीदवार ठहराया है। जबकि बिसौली से हरिओम पाराशरी और नगर पालिका ककराला से मरगूब अहमद खान तो दातागंज से नैना गुप्ता को भाजपा ने मैदान में उतारा है।
उधर नगर पंचायत प्रत्याशियों में उसावां से निवर्तमान चेयरमैन धीरेन्द्र पाल गुप्ता धीरू, उसहैत से पूर्व चेयरमैन गौरव गुप्ता, अलापुर से रेखा गुप्ता, गुलड़िया से तारा देवी, सखानूं से आसिम हुसैन, कछला से जगदीश लोनिया, कुंवरगांव से ज्योति रावत, वज़ीरगंज से संगीता वार्ष्णेय, सैदपुर से विकार अहमद खां, मुडिया से अनुपम पाठक, फैजगंज से प्रदीप गुप्ता, रूदायन से सीमा चौधरी, इस्लामनगर से भावना वार्ष्णेय, और दहगवां नगर पंचायत से पार्वती को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है।
