दिल्ली जनमत। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज हरियाणा के खेरली लाला से शुरू हुई। शेड्यूल के मुताबिक पदयात्रा सुबह 10 बजे पाखल गांव में विश्राम करेगी। इसके बाद यात्रा दोपहर तीन बजे पाली चौक से शुरू होकर शाम 6 बजे गोपाल गार्डन बड़खल मोडड पहुंचेगी, यहां एक नुक्कड़ सभा का आयोजन होगा। इसके बाद यात्रा फरीदाबाद में विश्राम करेगी।
एजेंसी के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा शनिवार (कल) सुबह 6 बजे बदरपुर सीमा से दिल्ली में एंट्री करेगी। यात्रा मथुरा रोड से होते हुए आश्रम की ओर बढ़ेगी। इसके बाद जाकिर हुसैन मार्ग, इंडिया गेट, तिलक मार्ग, आईटीओ से होकर लाल किले तक जाएगी। दिल्ली कांग्रेस के नेताओं के मुताबिक लाल किले से नेताजी सुभाष मार्ग होते हुए राजघाट तक जाएगी।
वहीं दिल्ली पुलिस ने कहा कि यात्रा का रूट तय होने के बाद इसे लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जाएगी। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली यात्रा अपने 108वें दिन शनिवार को सुबह 6 बजे दिल्ली पहुंचेगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि एक बार रूट तय हो जाने के बाद एडवाइजरी जारी की जाएगी।
