बदायूँ जनमत। भारी गहमागहमी के बीच नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन बिसौली क्षेत्र की नगर निकायों के कुल 320 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। नगर पालिका बिसौली के अध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवारों को पर्चियां डालकर सिंबल बांटने की नौबत आ गई। दरअसल निर्दलीय प्रत्याशी अबरार अहमद, अशोक कुमार, मोहित महाजन ने पहले स्थान पर समान चुनाव चिन्ह मांगे। ऐसे में एआरओ द्वारा पर्ची लिखकर डलवाई गईं जिन्हें वहां मौजूद एक बच्चे ने खोला। इसमें अशोक कुमार को पसंदीदा चिन्ह आवंटित हुआ। इधर मुड़िया, फैजगंज, सैदपुर व वजीरगंज के अध्यक्ष व सदस्य पद के प्रत्याशियों को सिंबल आवंटित किए गए। सिंबल मिलते ही सभी उम्मीदवारों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए कमर कस ली है। 

