बदायूॅं जनमत। विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मामले की जानकारी पर मायके वाले पहुंचे तो ससुराल के लोग वहां से भाग गए थे। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है।
दातागंज कोतवाली इलाके के गांव बक्सेन निवासी फारुख की शादी तकरीबन 10 साल पहले आसमा बी (30) पुत्री बन्ने अली निवासी गांव पुसगवां थाना वजीरगंज के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग बाइक, जेवरात और कैश की डिमांड करते थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट करते थे। कई बार मांग पूरी भी कर दी लेकिन इसके बाद ससुरालियों ने अगली डिमांड रख दी।
डिमांड पूरी नहीं करने पर उत्पीड़न शुरू कर दिया। रोज मारपीट व गाली गलौज करते लगे। इसी से तंग आकर महिला व उसके परिजनों ने मुकदमा दर्ज करा दिया। लेकिन बाद में आसपड़ोस के लोगों ने मामले में हस्तक्षेप करके फैसला करा दिया। इसके बाद विवाहिता अपनी ससुराल में आकर रहने लगी। कुछ दिन बीतने के बाद उसके मौत की सूचना परिजनों के पास पहुंची।
परिजनों का कहना है कि विवाहिता ने सुसाइड नहीं किया है। उसकी हत्या करने के बाद उसके शव को फंदे पर लटकाया गया है। परिजनों ने ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगया है।


