बदायूॅं जनमत। पुलिस टीम पर हमला करने वाले एक और पत्थरबाज पर एनएसए की कार्रवाई की गई है। आरोपी फिलहाल जेल में निरुद्ध है और उसके खिलाफ पुख्ता सबूतों के आधार पर चार्जशीट भी अदालत में दाखिल हो चुकी है। पुलिस इस वारदात में शामिल अन्य पत्थरबाजों पर भी यही कार्रवाई की तैयारी में है। जबकि इस कांड में फरार चल रहे शातिरों की तलाश भी जारी है।
विगत 9 दिसंबर 2022 को थाना अलापुर के कस्बा ककराला में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हुुए पथराव, फायरिंग के मामले में 28 नामजदों समेत 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा गया था। इस प्रकरण में पुलिस 60 से अधिक पत्थरबाजों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि 50 के खिलाफ चार्जशीट भी लगाई जा चुकी है।
वहीं अब तक चार पत्थरबाजों पर गैंगस्टर तो 11 के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई भी अमल में लाई जा चुुकी है। इधर, फरार चल रहे चार पत्थरबाजों की पुलिस चल संपत्ति भी कुर्क कर चुकी है।
जानकारी के मुताबिक इस वारदात में शामिल आरोपी जहांगीर पुत्र दुर्रानी निवासी वार्ड संख्या 18 कस्बा ककराला के खिलाफ पुलिस व प्रशासन ने एनएसए की कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई की जानकारी विधिक प्रक्रिया के तहत जेल में निरुद्ध आरोपी को दी जा चुकी है।

