बदायूॅं जनमत। प्रदेश की योगी सरकार में अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं। उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बन गया है। अपराधी बेटियों को घर से अगवा करने का दुस्साहस कर रहे हैं। विरोध करने पर पिता की हत्या हो रही है। उक्त बातें कांग्रेस के प्रदेश सचिव अजीत सिंह यादव ने आज सादुल्लागंज गाँव का दौरा करने के बाद कहीं। उन्होंने मृतक ठाकुर सुधीर सिंह की पत्नी और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर सम्भव सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि जनपद की दातागंज कोतवाली के गांव सादुल्लागंज गांव में घर में घुसकर बेटी को अगवा करने के विरोध पर पिता की हत्या की घटना ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। भाजपा राज में आम आदमी घर में भी सुरक्षित नहीं है। भाजपा का बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ का नारा खोखला साबित हुआ है। गृह मंत्री अमित शाह दावा करते थे कि उत्तर प्रदेश में भाजपा राज में बेटी गहने पहनकर आधी रात को सड़क पर निकल सकती है। लेकिन बेटियों को घर से अगवा करने की कोशिश हो रही है। अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले नम्बर पर है। सबसे ज्यादा अपराध महिलाओं के विरुद्ध हो रहे हैं। अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिल रहा है।
कांग्रेस नेता ने बताया कि मृतक सुधीर सिंह ड्राइवरी कर घर चलाते थे। उनकी मृत्यु के बाद उनकी विधवा और एक नाबालिग बेटी के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रूपये मुआवजा देने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश सचिव अजीत सिंह यादव के साथ कांतिकारी लोक अधिकार संगठन के सचिव सतीश कुमार व कुलदीप यादव आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।