बदायूॅं जनमत। एक किशोर महावा नदी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वह दोपहर के समय अपने साथियों के साथ नदी में नहाने गया था लेकिन, किसी तरह वह गहरे पानी में चला गया। बमुश्किल से उसे तलाश किया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
सहसवान कस्बे के मोहल्ला अकबराबाद निवासी रोहित पुत्र गोपी मौर्य शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपने दोस्तों के साथ महावा नदी में नहाने गया था। लगातार बारिश होने से नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ है। उसके दोस्तों का कहना है कि सभी लोग नदी में नहा रहे थे कि अचानक रोहित गहरे पानी में चला गया। यह देखकर उसके दोस्तों ने शोर मचाया, जिससे आसपास खेतों में काम कर रहे कई लोग आ गए। वह किशोर को बचाने के लिए नदी में कूद गए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। काफी देर बाद उसे निकाला जा सका। परिवार वाले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

