बदायूं में अनियंत्रित बस खंती में पलटी; बरेली के नौ बाराती घायल, पांच की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बरातियों की बस अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे में नौ बराती घायल हो गए। इनमें पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बरात फर्रूखाबाद जिले से वापस बरेली जा रही थी। दूसरी बस से बारातियों को रवाना कराया गया।
हादसा उसहैत थाना क्षेत्र के अटेना पुल के मोड़ पर बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव बांसबोझ निवासी हेम प्रकाश मौर्य के बेटे आशीष कुमार की शादी फर्रूखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र के गांव इजौर निवासी सुरेंद्र सिंह मौर्य की बेटी मानसी मौर्य के साथ हुई है। बुधवार को बरात इजौर गांव गई थी। निजी बस में सवार होकर करीब 60 बराती गए थे।

पुल पर मोड़ होने की वजह से अनियंत्रित हुई बस…

सुबह बरात बरेली लौट रही थी। अटेना मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। जिससे बस में सवार बरातियों में चीख पुकार मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बस में सवार बरातियों को बाहर निकलना शुरू किया। डायल 112 व थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसओ विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे में नौ बराती घायल हुए। इनमें पांच गंभीर रुप से घायल बताए गए हैं। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर घायल बरातियों को जिला अस्पताल भिजवाया। मामूली घायलों को गांव में ही डॉक्टर से प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया। दूल्हे के पिता ने दूसरी बस का प्रबंध किया। जिसके बाद पुलिस ने बरातियों को दूसरी बस से बरेली के लिए रवाना कर दिया। एसओ विक्रम सिंह ने बताया पुल पर मोड़ होने की वजह से बस अनिंयत्रित हो गई थी। जिससे वह खंती में पलट गई। हादसे में पांच लोग गंभीर घायल हुए हैं। शेष बरातियों को मामूली चोट आई है।

यह हुए गंभीर रुप से घायल…

हादसे में विजेंद्र पुत्र रामस्वरूप निवासी दियोरिया, सोनू पुत्र प्रेमशंकर निवासी इज्जतनगर, देवेंद्र पाल पुत्र नत्थू निवासी बांस बोझ, मुरली सिंह पुत्र लाखन सिंह निवासी बहेड़ी और पीतम राम पुत्र माखनलाल निवासी बहेड़ी गंभीर रुप से घायल हुए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।           

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *