बदायूॅं जनमत। शुक्रवार रात तेज आंधी-बारिश के दौरान पाकड़ का पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव जगत निवासी गांव निवासी नंदू मौर्य (20) पुत्र नत्थू मौर्य का घर से कुछ दूरी एक घेर है। जहां पर झोपडी पड़ी हुई है, जिसमें मवेशी बांधे जाते हैं। यहां नंदू मौर्य व उसके परिवार के बच्चे झोपड़ी में सोते थे। शुक्रवार रात बच्चे झोपड़ी में सोने गए थे। इस बीच रात नौ बजे करीब तेज आंधी बारिश आ गई। इससे नंदू बच्चों को लेने के लिए घेर पर गया था। वह जैसे ही झोपड़ी के पास पहुंचा। उसी समय घेर में खड़ा पाकड़ का पेड़ नंदू के ऊपर गिर गया। वह पेड़ के नीचे दब गया। पेड़ गिरने की आवाज से मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद पेड़ के नीचे नंदू को निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नंदू की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजा। परिजनों ने बताया कि नंदू छह भाईयों में चौथे नंबर का था। उसकी शादी नहीं हुई थी। लेखपाल ने तहसील प्रशासन को घटना की जानकारी दी है।