बदायूॅं जनमत। एक भैंस को पागल कुत्ते ने काट लिया, जिससे भैंस के अंदर रैबीज फैल गया। इसी दौरान भैंस मालिक के घर पर तेरहवीं को लेकर भोज का आयोजन हुआ, जिसमें उसकी भैंस के दूध से रायता बनाया गया। कई ग्रामीणों ने उस रायते को खाया। जिस भैंस को पागल कुत्ते ने काटा था अब उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। भैंस की मौत से तेरहवीं में रायता खाए लोगों में दहशत फैल गई। सभी ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए लाइन में लग गए।
गांव पिपरौल में कुछ दिन पहले भैंस को पागल कुत्ते ने काट लिया था। 22 दिसंबर को गांव में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद तेहरवीं संस्कार हुआ था। जिसमें गांव के ही प्रमोद साहू की बीमार भैंस के मट्ठे से रायता तैयार किया गया था। भोज में गांव रिश्तेदार सहित करीब 1200 लोगों ने खाना खाया था। शनिवार को बीमार भैंस की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही दावत खाने वालों में दहशत फैल गई। दावत में सम्मिलित हुये लोग रैबीज का इंजेक्शन लगवाने को जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर दौड़ पड़े।
गांव के ही आदेश गुप्ता ने बताया कि चंदनपुर से लगभग 15 लोग व पिपरौल से बृजेश साहू, मोहनलाल, गौरव, सौरभ, विवेक, रिषभ, नीसू, राजवती, गुड्डी, जबर सिंह, नेहा, सोनी आदि लोग रैबीज का इंजेक्शन लगवाने को जिला अस्पताल गये हैं। अन्य लोगों को भी डर बना हुआ है और इंजेक्शन लगवाने को जा ररहे हैं। ग्रामीणों ने गांव में ही कैंप लगाकर रैबीज के इंजेक्शन लगाने की मांग की है। ग्रामीणों के अंदर डर बना हुआ है कि कहीं कोई अनहोनी घटना न हो जाये।

