बदायूॅं जनमत। सहसवान के मोहल्ला नवादा में इस्लाहुल मुस्लिमीन एजूकेशन वेलफेयर सोसाइटी द्वारा 108वें उर्स आला हज़रत इमाम अहमद रज़ा खान क़ादरी रहमतुल्लाह अलैहि के मौके पर पौधरोपण का आयोजन किया गया। पौधरोपण के बाद एक बा-बर्कत महफ़िल का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत क़ारी अब्दुल हादी साहब ने की, आग़ाज तिलावत-ए-कलाम-ए-पाक और हम्द-ओ-सना से हुआ।
पहले पौधरोपण कार्य किया गया, साथ ही इसके महत्व पर रोशनी डालते हुए सोसाइटी अध्यक्ष और पूर्व ज़िला पंचायत सदस्य हाफ़िज़ इरफ़ान ने कहा कि पेड़ लगाना सदक़ा-ए-जारिया है और इससे पर्यावरण भी सुरक्षित होता है।
साथ ही उन्होंने आला हज़रत इमाम अहमद रज़ा खान क़ादरी के जीवन पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि हमारा पौधरोपण कार्यक्रम आला हजरत फाजिल ए बरेलवी की बारगाह में खिराज ए अक़ीदत पैश है। उन्होंने कहा कि आला हज़रत बचपन से ही दीन-ए-इस्लाम के प्रचार में लगे रहे। आपने बहुत कम समय में क़ुरान-ए-पाक हिफ़्ज़ कर लिया था और बचपन में ही सभी इल्मों पर महारत हासिल कर ली थी। आप एक बेहतरीन लेखक और महान शायर भी थे।
आख़िर में सलातो-सलाम पढ़ा गया और देश, प्रदेश व क़ौमो-मिल्लत की सलामती व तरक़्क़ी के लिए ख़ास दुआ के साथ महफ़िल का समापन हुआ। इसके बाद सभी को तबर्रुक तक्सीम किया गया। कार्यक्रम में मदरसे के सभी छात्रों के अलावा क़ारी राशिद हुसैन, शब्बू भाई, शाहनवाज़ बरकाती भाई, सोशल एक्टिविस्ट अजमल हुसैन, पेंटर नौशाद भाई आदि ने शिरकत की।

