बदायूॅं जनमत। समाजवादी पार्टी ने जिले में एक बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने रज्जो किन्नर को समाजवादी किन्नर महासभा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और समाजवादी किन्नर सभा की प्रदेश अध्यक्ष पायल सिंह ने की है।
रज्जो किन्नर जिले की नगर पंचायत कुंवरगांव के वार्ड संख्या 7 की रहने वाली है। उन्हें जिले में पार्टी की विचारधारा का प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उन्हें कर्मठ लोगों को पार्टी से जोड़ने और संगठन को मजबूत बनाने का दायित्व भी सौंपा गया है।
वहीं नई जिम्मेदारी मिलने पर रज्जो किन्नर ने कहा कि वह पार्टी के प्रति पूरी वफादारी से काम करेंगी। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति न केवल उनके लिए बल्कि पूरे किन्नर समाज और जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने पार्टी के लिए तन, मन, धन से काम करने का संकल्प लिया है। लखनऊ में यह जिम्मेदारी मिलने के बाद जिला आगमन पर रज्जो किन्नर का जगह-जगह स्वागत किया गया। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार को दोबारा सत्ता में लाने के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।